सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के दरभंगा जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में एक 22 वर्षीय युवक ने 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद रविवार सुबह इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया। उग्र भीड़ ने इंसाफ की मांग को लेकर पुलिस-प्रशासन पर पथराव किया, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए डीएम और एसपी को खुद मोर्चा संभालना पड़ा।
सीसीटीवी और चश्मदीद बच्चियों की मदद से आरोपी गिरफ्तार
घटना शनिवार देर शाम की है जब तीन मासूम बच्चियाँ तालाब किनारे खेल रही थीं। आरोपी विकास महतो (22 वर्ष) ने बच्चियों को पकड़ने की कोशिश की। दो बच्चियाँ भागने में सफल रहीं, लेकिन 6 वर्षीय मृतका उसके हत्थे चढ़ गई। आरोपी उसे अंधेरे में ले गया और दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी।
जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। गली में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिजन तालाब किनारे दीवार के पास पहुँचे, जहाँ मासूम का शव पड़ा मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ भागी हुई बच्चियों ने आरोपी की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने विकास महतो को उसके घर से दबोच लिया। गिरफ्तारी के वक्त उसके कपड़ों पर खून के निशान भी पाए गए।
भीड़ का हिंसक प्रदर्शन: “आरोपी हमें सौंप दो”
रविवार सुबह जैसे ही घटना की खबर फैली, स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुँचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भीड़ ने निशाना बनाया और पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को तितर-बितर किया।
प्रशासन का सख्त रुख: “कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं”
दरभंगा के जिलाधिकारी (DM) कौशल कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है। उन्होंने कहा, “कुछ शरारती तत्व अपने स्वार्थ के लिए माहौल बिगाड़ रहे हैं और आरोपी को सौंपने की अवैधानिक मांग कर रहे हैं। कानून अपना काम करेगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।” फिलहाल पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।