साजिश या संयोग? पंजाब CM को ‘पोलोनियम’ देने का दावा, अब अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप!..

Ritu Raj

मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उपचाराधीन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सुरक्षा को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल और शहर के 16 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरी सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है।

धमकी भरा ईमेल और ‘पोलोनियम’ का खौफ;
दोपहर 1:11 बजे ‘हंटर फार्ले’ नामक आईडी से भेजे गए एक मेल ने हड़कंप मचा दिया। दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री को पोलोनियम-210 (एक अत्यंत घातक रेडियोएक्टिव पदार्थ) से संक्रमित कर दिया गया है। मेल में लिखा गया है कि यदि वे बच गए, तो उनका हश्र पूर्व सीएम बेअंत सिंह जैसा (मानव बम हमला) किया जाएगा। इसे ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ की ओर से गैंगस्टरों के एनकाउंटर का बदला बताया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई;
धमकी मिलते ही पंजाब पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। फोर्टिस अस्पताल को चारों तरफ से घेर लिया गया है और 5 बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squads) तैनात किए गए हैं। मोहाली के जिन 16 स्कूलों को धमकी मिली थी, वहां सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत छुट्टी कर दी गई। मोहाली के SP दिलप्रीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा कड़ी है और फिलहाल उन्हें कहीं और शिफ्ट करने की योजना नहीं है।

मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य अपडेट;
मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण भर्ती हुए थे। फिर सोमवार को डिस्चार्ज होकर मोगा की रैली में गए, लेकिन शाम को सांस लेने में तकलीफ के बाद दोबारा भर्ती होना पड़ा।

क्या है पोलोनियम-210 (Po-210)?
धमकी में जिस पदार्थ का जिक्र है, वह विज्ञान की दुनिया का सबसे खतरनाक जहर माना जाता है। बता दें कि यह एक रेडियोएक्टिव पदार्थ है जो अल्फा विकिरण छोड़ता है। शरीर के भीतर प्रवेश करते ही यह अंगों और DNA को तेजी से खत्म करने लगता है। सबसे डरावनी बात यह है कि इसका कोई ‘एंटीडोट’ या काट उपलब्ध नहीं है।

Share This Article