फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के हालिया रिलीज गाने ‘सरके चुनर तेरी’ को लेकर मचा बवाल अब सड़क से संसद तक पहुंच गया है। अश्लील बोल और आपत्तिजनक फिल्मांकन के आरोपों के बीच भारत सरकार ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है।

संसद में गूंजा विवाद, सरकार ने लगाया बैन;
समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदोरिया ने संसद सत्र के दौरान इस गाने की अश्लील लिरिक्स का मुद्दा उठाया। इस पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि विवादित गाने पर पहले ही बैन (प्रतिबंध) लगाया जा चुका है। वहीं, अभिव्यक्ति की आजादी के साथ ‘रीजनेबल रिस्ट्रिक्शंस’ (उचित प्रतिबंध) का पालन जरूरी है। हालांकि, डिजिटल युग में बच्चों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों के संरक्षण के लिए सरकार कड़े कदम उठाने को प्रतिबद्ध है।

डायरेक्टर प्रेम जोगी का बचाव;
फिल्म के निर्देशक प्रेम जोगी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपनी सफाई पेश की है। उनका तर्क है कि यह गाना ‘बोतल’ के संदर्भ में है। लोग बिना पूरा गाना सुने या वीडियो देखे गलत निष्कर्ष निकाल रहे हैं। निर्देशक ने कहा कि वे सेंसर बोर्ड के फैसले का सम्मान करेंगे, लेकिन उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने साफ किया कि भले ही हिंदी वर्जन हटा दिया गया हो, लेकिन इसका कन्नड़ वर्जन नहीं हटाया जाएगा।

रक्षिता (डायरेक्टर की पत्नी) के सवाल;
निर्देशक की पत्नी रक्षिता ने फिल्म इंडस्ट्री के ‘दोहरे मापदंडों’ पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूछा कि जब ‘चोली के पीछे’, ‘ड्रीमम वेकअपम’ या ‘डर्टी पिक्चर’ जैसी फिल्में और गाने आए, तब इतना विरोध क्यों नहीं हुआ? उन्होंने ‘पुष्पा-2’ के गाने और अन्य बोल्ड कंटेंट का उदाहरण देते हुए इस विवाद को पक्षपातपूर्ण बताया।
विवाद की जड़ क्या है?
पैन इंडिया फिल्म ‘केडी: द डेविल’ (रिलीज तारीख: 30 अप्रैल 2026) का यह गाना 14 मार्च को रिलीज हुआ था। इसमें नोरा फतेही और संजय दत्त कलाकार है। सोशल मीडिया यूजर्स और आलोचकों का दावा है कि गाने के बोल डबल मीनिंग (द्विअर्थी) हैं और डांस स्टेप्स अभद्र हैं। भारी आलोचना के बाद गाने के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गईं, जिसके बाद सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा।