सिटी पोस्ट लाइव :दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर खरगे और राहुल गांधी के साथ बैठक में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने गठबंधन को लेकर शुरुआती चर्चा की. बैठक में चुनाव से जुड़े फैसलों में टाइमलाइन फिक्स करने को लेकर बात हुई.सीट बंटवारे से लेकर चुनावी कैंपेन और कोऑर्डिनेशन से जुड़े फैसले समय लेने को लेकर बातचीत हुई. करीब एक घंटे की बैठक के बाद RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘हम सभी ने बैठक की है और काफी सकारात्मक चर्चा हुई है… हम सभी 17 तारीख को पटना में अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठेंगे.
महागठबंधन में सीएम चेहरे के सवाल पर कांग्रेस के कई नेताओं ने हाल में बयान दिया है कि सीएम का चेहरा बाद में तय होगा. हाल ही में पटना के कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सीएम के सवाल पर कहा था कि चुनाव बाद चेहरा तय होगा, जबकि आरजेडी की तरफ से बार बार दोहराया जा चुका है कि सीएम का चेहरा तेजस्वी यादव ही हैं. इस मसले पर अब तक कांग्रेस नेताओं के बयान आरजेडी और कांग्रेस के बीच मतभेद की तरफ साफ इशारा कर रहा है.लेकिन मीटिंग के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि ये कोई मुद्दा नहीं है.बाद में मिल बैठकर तय कर लेगें.आनेवाले विधानसभा चुनाव में न सिर्फ टिकट बंटवारे, बल्कि उम्मीदवारों के चयन में भी देखा जाएगा कि कौन पार्टी कहां किसे उम्मीदवार बना रहा है. ताकि महागठबंधन की तरफ से किसी क्षेत्र विशेष और जिला विशेष में उम्मीदवारों का सामाजिक संतुलन बना रहे.
दरअसल पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ी लेकिन केवल 19 सीटों पर जीत मिली.यानी महागठबंधन के घटक दलों में कांग्रेस का स्ट्राइक रेट सबसे खराब था. दरअसल आरजेडी का मानना रहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब स्ट्राइक रेट और कई सीटों पर कांग्रेसी उम्मीदवारों के गलत चयन के कारण ही महागठबंधन बहुमत से पीछे रह गई. ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों का चयन साझा तौर पर होगा ताकि किसी एक सीट पर खराब उम्मीदवार चयन का नकारात्मक प्रभाव न सिर्फ उस सीट बल्कि आसपास की तमाम सीटों पर न पड़े.दिल्ली में कांग्रेस और आरजेडी के वरिष्ठ नेतृत्व की बैठक के बाद अब महागठबंधन के सभी घटक दलों की बैठक पटना में 17 अप्रैल को होगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी.