बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 जारी: 85.19% छात्र पास, छात्राओं ने फिर मारी बाज़ी

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने आज 23 मार्च 2026 को दोपहर 1:30 बजे इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया। इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 85.19% दर्ज किया गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है। खास बात यह रही कि इस बार भी छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी है।

बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, छात्राओं का पास प्रतिशत 86.23% रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 84.09% दर्ज किया गया। मेरिट लिस्ट में भी छात्राओं का दबदबा देखने को मिला है। कुल 26 टॉपर्स में से 19 छात्राएं शामिल हैं, जो शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और सफलता को दर्शाता है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

स्ट्रीम वाइज टॉपर्स की बात करें तो साइंस स्ट्रीम में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक (96%) प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं आर्ट्स स्ट्रीम में रितु कुमारी ने 489 अंकों के साथ टॉप किया। कॉमर्स स्ट्रीम में गया की निशु कुमारी ने 479 अंक (95.8%) लाकर पहला स्थान प्राप्त किया है।

इस वर्ष बिहार बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहद तेज़ी से पूरा किया। केवल 25 दिनों के भीतर कॉपियों की जांच पूरी कर ली गई, जिससे समय पर रिजल्ट जारी करना संभव हो पाया। इससे छात्रों को आगे की पढ़ाई और करियर की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

छात्र अपना रिजल्ट चेक करने के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट्स जैसे biharboardonline.bihar.gov.in और results.biharboardonline.com पर जाकर रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा interbiharboard.com और www.bsebeexam.com पर भी रिजल्ट देखने की सुविधा उपलब्ध है।

बिहार बोर्ड की इस तेज़ और पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की जा रही है। अब छात्र अपने आगे के शैक्षणिक और करियर विकल्पों की ओर बढ़ सकते हैं।

Share This Article