पटना में रामनवमी की धूम: CM नीतीश और नितिन नवीन करेंगे शोभायात्रा का स्वागत, 52 झांकियों से गूंजेगा जय श्री राम…

Ritu Raj

राजधानी पटना इस बार रामनवमी के अवसर पर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबी हुई है। शहर का प्रमुख केंद्र डाक बंगला चौराहा भव्य सजावट, एलईडी लाइट्स, लेजर शो और डिजिटल मैपिंग से जगमगा रहा है। आसपास की इमारतों पर भगवान श्रीराम के जीवन की झलकियां डिजिटल तकनीक के जरिए प्रदर्शित की जा रही हैं, जो श्रद्धालुओं को अनूठा आध्यात्मिक अनुभव दे रही हैं।

थोड़ी ही देर में नीतीश कुमार, नितिन नवीन समेत कई प्रमुख अतिथि यहां पहुंचने वाले हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार इस शोभायात्रा के संयोजक के रूप में आयोजन का नेतृत्व कर रहे हैं और वे पहले से ही तैयारियों की निगरानी में जुटे हुए हैं। आयोजकों के अनुसार, महावीर मंदिर और डाक बंगला चौराहा के आसपास 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। शहर के विभिन्न इलाकों, खाजपुरा, बोरिंग रोड, कंकड़बाग और चौक से कुल 52 शोभायात्राएं निकलकर यहां पहुंचेंगी। इस बार आयोजन में परंपरा और आधुनिक तकनीक का खास मेल देखने को मिलेगा। ड्रोन के जरिए शोभायात्रा और मुख्य मंच पर फूलों की वर्षा की जाएगी। झांकियों में अयोध्या के संत, दक्षिण भारत के वाद्य कलाकार, बनारस का डमरू दल, गंगा आरती टीम, मुंबई के बैंड और झारखंड के नृत्य दल अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप मिल रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मुख्य स्थल पर भगवान श्रीराम, भगवान शिव और वीर हनुमान की 20 से 25 फीट ऊंची आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कार्यक्रम के दौरान अखाड़ों और झांकियों के संचालकों को ‘पाग’ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया जाएगा। मुख्य मंच पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा सहित कई केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। साथ ही अभिनेता और सांसद अरुण गोविल तथा मनोज तिवारी की उपस्थिति कार्यक्रम को और खास बनाएगी। सुरक्षा के लिहाज से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में 500 सीसीटीवी कैमरे, 10 ड्रोन और 1500 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही गर्मी को ध्यान में रखते हुए 20 से अधिक मेडिकल कैंप और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Share This Article