‘महिला संवाद यात्रा’ के दौरान CM नीतीश लेंगे महिलाओं से फीडबैक, कर सकते हैं महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस महीने 'महिला संवाद यात्रा' पर निकलने वाले

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आमतौर पर किसी भी चुनाव से पहले प्रदेश की यात्रा पर निकलते रहे हैं। इस बार भी वे चुनाव से पहले इसी महीने ‘महिला संवाद यात्रा’ पर जाने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान, वह न केवल महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं का फीडबैक लेंगे, बल्कि यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि वे महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं। यह यात्रा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यात्रा के समय कर सकते बड़ी घोषणा

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार इस यात्रा के दौरान महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा के दौरान नीतीश कुमार महिलाओं के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। जदयू महिला मतदाताओं को अपना मुख्य वोटर मानता है। महिलाओं की मांग पर ही नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी कानून लागू किया था। हाल ही में झारखंड विधानसभा चुनाव में ‘मंइयां सम्मान योजना’ का बड़ा लाभ महागठबंधन, विशेष रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा को मिला है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस यात्रा के दौरान कोई महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं।

जदयू प्रवक्ता बयान राजद की दुकान हो जाएगी बंद

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोई पहली बार यात्रा पर नहीं जा रहे हैं। वे हमेशा विकास योजनाओं का वास्तविक स्थिति में आकलन करने के लिए यात्रा करते हैं। नीतीश कुमार इस दौरान विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और लाभार्थियों से बातचीत भी करेंगे। उनका कहना था कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है। नीतीश की इस यात्रा के बाद चुनाव में राजद की स्थिति कमजोर हो जाएगी। मुख्यमंत्री को इस यात्रा के दौरान न केवल जमीनी जानकारी मिलेगी, बल्कि भविष्य में और क्या किया जा सकता है, इसका भी निर्णय लेने में मदद मिल सकती है। बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर भी यात्रा पर हैं और विभिन्न दौर की यात्राएं पूरी कर चुके हैं।

Share This Article