बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली। उन्हें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शपथ दिलाई। इस मौके पर बिहार एनडीए के नेताओं के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, जेपी नड्डा और अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे।

शपथ के दौरान संजय झा ने उन्हें हस्ताक्षर के लिए पेन दिया। साइन करने के बाद नीतीश कुमार ने हल्के अंदाज में कहा, “हो गया… चलें?” हालांकि उन्हें फोटो सेशन के लिए रुकने को कहा गया। नीतीश कुमार ने चारों सदनों(लोकसभा, राज्यसभा, बिहार विधानसभा और विधान परिषद) का सदस्य बनने का अनोखा रिकॉर्ड भी बनाया है। यह उनका राज्यसभा में पहला कार्यकाल है। इससे पहले दिल्ली में उनसे मिलने जेडीयू के नेता रामनाथ ठाकुर, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी और मदन सहनी समेत कई नेता पहुंचे।

इधर, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “बिहार विल मिस यू नीतीश जी।” वहीं राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि आज से बिहार में उनकी सेवा समाप्त मानी जानी चाहिए। खबरों के मुताबिक, नीतीश कुमार शुक्रवार शाम पटना लौट सकते हैं। 13 अप्रैल को वे कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे और 14 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उसी दिन एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार को दिल्ली पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने संकेत दिया था कि अब वे दिल्ली में अधिक सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैंने यहां लंबे समय तक काम किया है, अब फिर से यहीं काम करूंगा। बिहार में 20 साल तक काम किया, आगे भी जुड़ा रहूंगा।”