बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शेखर यादव (32) के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले का निवासी है और गुजरात में नौकरी करता था।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने मुख्यमंत्री आवास पर फोन करके धमकी दी थी। इसके बाद बिहार पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू की गई। मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाने में इस संबंध में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जिससे पता चला कि वह गुजरात के सानंद में मौजूद है। इसके बाद बिहार पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को सानंद से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद गुजरात पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिहार लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी और धमकी के पीछे की वजह जानने की कोशिश होगी। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। शपथ लेने के बाद से वे लगातार सक्रिय हैं। वो जनता से मुलाकात, विभागीय बैठकों और कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। हाल ही में वे पटना साहिब गुरुद्वारा भी गए थे और अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी थीं।