21 वर्षीय दानिश मालेवार ने सोमवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल में अपना पहला मैच खेला। हालांकि डेब्यू मुकाबले में वह सिर्फ 2 रन ही बना पाए, लेकिन आगे के मैचों में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

दरअसल, 8 अक्टूबर 2003 को नागपुर में जन्मे दानिश दाएं हाथ के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं और साथ ही लेग-ब्रेक गेंदबाजी भी करते हैं। लंबे फॉर्मेट में उनकी निरंतरता और छोटे फॉर्मेट में आक्रामक अंदाज उन्हें खास बनाता है। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था। दानिश की क्रिकेट यात्रा सिटी जिमखाना अकादमी से शुरू हुई, जहां कोच स्वरूपराज श्रीवास्तव और नितिन गावंडे के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल को निखारा। महज 7 साल की उम्र में अकादमी से जुड़ने के बाद उन्होंने जल्दी ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 12 साल की उम्र तक वह विदर्भ की अंडर-14 टीम का हिस्सा बन चुके थे। उनकी लगन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक बार रात 2 बजे टूर से लौटने के बावजूद उन्होंने अगली सुबह अंडर-14 फाइनल खेला और शानदार शतक जड़ा। धीरे-धीरे वह विदर्भ टीम के अहम खिलाड़ी बन गए।

2024–25 के रणजी ट्रॉफी सीजन में दानिश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने 9 मैचों में 52 की औसत से 783 रन बनाए, जिसमें दो शतक और छह अर्धशतक शामिल थे। वह टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। दानिश अपनी शांत और धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। नई गेंद के खिलाफ टिककर खेलना और लंबी पारी बनाना उनकी खासियत है। उनकी आधी पारियों में 100 से ज्यादा गेंदें खेलना उनके धैर्य को दर्शाता है। वह अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर और केएल राहुल से प्रेरणा लेकर अपने खेल को लगातार बेहतर बनाने में जुटे हैं और हर तरह के शॉट में महारत हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं।