स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन बच्चों समेत चार की मौत

बच्चों की मौत पर सीएम हेमन्त ने प्रकट की संवेदना

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव
रामगढ़ ।
रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड में हुई सड़क दुर्घटना में तीन बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे परिजनों के चित्कार से पूरा गोला प्रखंड गूंज उठा। कोई अपने बच्चों के शव को लेकर छाती पीट रहा था, तो कोई घायल बच्चे को इलाज करने के लिए दौड़ रहा था। इस हादसे के बाद ग्रामीण इतने गुस्से में थे कि उन्होंने ट्रक ड्राइवर को पकड़कर जमकर पीटा। उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है।

लोगों का गुस्सा इतना अधिक था कि उन लोगों ने उस ट्रक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया जिसने तीन मासूम बच्चों की जान ले ली। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ममता देवी, रामगढ़ एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी, सीडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, गोला अंचल अधिकारी समरेश भंडारी वहां पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तीन स्कूली बच्चे और ऑटो चालक की मौत

गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरला मोड़ पर बुधवार को स्कूली बच्चों से भरे एक आॅटो को एलपी ट्रक (डब्ल्यूबी 33 डी 7015) ने टक्कर मार दी। इस घटना में ट्रक भी पलट गया। इस हादसे में तीन स्कूली बच्चे और एक ड्राइवर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 12 स्कूली बच्चे भी घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सभी बच्चे सरलाखुर्द और पतरातू गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल मृतकों के नाम का पता नहीं चला है, लेकिन वह भी सरलाखुर्द गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों में पतरातू गांव निवासी उज्जवल ठाकुर( 11), अंश कुमार( 5), सुजीत कुमार ( 11), श्री कुमारी( 9), अंशुका कुमारी(11), कृष्णा करमाली (6), राशि कुमारी (5), अनमोल नायक( 5), राधिका कुमारी (6) और आयुष कुमार साहू (8) शामिल है। घायलों में ट्रक ड्राइवर भी शामिल है।

बंगाल से आलू लेकर गोला की तरफ आ रहा था ट्रक

बंगाल से आलू लेकर गोला की तरफ आए ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरे आॅटो को टक्कर मार दी थी । सभी बच्चे सरलक खुर्द और पतरातू से आॅटो पर सवार होकर तिरला स्थित गुडविल स्कूल में पढ़ने जा रहे थे। तिरला मोड़ पर जैसे ही आॅटो पहुंचा विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसे अपने चपेट में ले लिया। इस हादसे में ऑटो चालक संग्रामपुर गांव निवासी सरफराज की भी मौत हो गई है।

सरकार के आदेश के खिलाफ संचालित हो रहा था विद्यालय

गोला प्रखंड का गुडविल स्कूल सरकार के आदेश के खिलाफ संचालित किया जा रहा था। ठंड की वजह से राज्य सरकार ने पहले ही कक्षा 8 तक की छुट्टी 13 जनवरी तक बढ़ा दी थी। इस आदेश के आलोक में जिला प्रशासन ने भी एक आदेश जारी किया था। रामगढ़ डीसी ने भी 13 जनवरी तक विद्यालयों में कक्षा 8 तक के बच्चों की छुट्टी रखना को कहा था। लेकिन गुडविल विद्यालय ने जिला प्रशासन के आदेश को धत्ता बताते हुए ना सिर्फ विद्यालय खोला, बल्कि छोटे बच्चों को असुरक्षित वाहन से आने को मजबूर किया।

बच्चों की मौत पर सीएम हेमन्त ने प्रकट की संवेदना

रामगढ़ जिले के गोला में हुए सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा है कि स्कूल वैन और ट्रक की टक्कर से वैन चालक एवं 3 बच्चों के निधन की दु:खद खबर से मर्माहत हूं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दु:ख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। दुर्घटना में घायल बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है।

घटना के बाद मृत बच्चों के परिजनों से डीसी चंदन कुमार और एसपी अजय कुमार ने बात की। दोनों अधिकारी सदर अस्पताल में मृत बच्चों के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दु:खद है। डीसी चंदन कुमार ने कहा कि सरकारी आदेश के बावजूद विद्यालय का संचालन होना अपराध है। इस मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।

उन्होंने बताया कि गोला थाने में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी प्रभाकर कुमार के बयान पर गुडविल मिशन स्कूल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटनास्थल पर पहुंचे एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि सामाजिक कल्याण के तहत मृतकों के परिजनों को तत्काल 10 हजार की सहायता राशि दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद प्रक्रिया पूर्ण कर परिजनों को सामाजिक कल्याण के तहत बकाया 20 हजार की रकम भी उपलब्ध करा दी जाएगी। एसडीओ ने बताया कि सड़क हादसे में मृतकों के आश्रितों को एक लाख देने का प्रावधान है।

Share This Article