सिटी पोस्ट लाइव : आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंच रही हैं.राष्ट्रपति PMCH के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होगीं. इस कार्यक्रम में वो एक घंटे तक रुकेंगी. कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू राजभवन में विश्राम करेंगी. राजभवन की ओर से रात्रिभोज का आयोजन किया गया है. राजभवन सचिवालय के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मू के सम्मान में आयोजित भोज का मेन्यू उनके टेस्ट के मुताबिक बनाया गया है.उनके भोज में बिहार से जुड़े व्यंजनों लिट्टी-चोखा, सिलाव का खाजा, मखाना और लौकी की खीर, गुलाब जामुन, रसमलाई, मूंग का हलवा को प्राथमिकता दी गई है.
PMCH का शताब्दी समारोह पटना के बापू सभागार में भव्य तरीके से मनाया जा रहा है. इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देश के कोने कोने से हजारों डॉक्टर्स आये हैं.3000 से अधिक डॉक्टर सम्मानित होंगे. PMCH की स्थापना आजादी से पहले बंगाल बंटवारे के बाद की गई. 25 फरवरी 1925 को स्थापना हुई थी, उस समय इसे प्रिंस ऑफ वेल्स मेडिकल कॉलेज के नाम से जाना जाता था.आगे चलकर कर्पूरी ठाकुर ने इसका नाम बदल दिया.इस कॉलेज की इमारतों का निर्माण दरभंगा महाराज सहित बिहार की विभिन्न रियासतों के दान से हुआ था. इससे पहले 1874 में यहां टेंपल मेडिकल स्कूल खोला गया था, जिसमें 30 छात्रों को दाखिला दिया जाता था. पूरे कोर्स की फीस मात्र 2 रुपए प्रति छात्र थी.
PMCH के पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है.साल 2028 तक PMCH की नई बिल्डिंग को तीन चरणों में तैयार करना है. इस हॉस्पिटल पर करीब 5,544 करोड़ रुपए खर्च होंगे. मॉडर्न हॉस्पिटल में हेलीपैड समेत कई विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल होगा. सबसे बड़ा अस्पताल ताइवान में है, जिसकी क्षमता 10 हजार बेड की है.इस अस्पताल की क्षमता 5 हजार से ज्यादा की होगी.
राष्ट्रपति की आगमन को लेकर ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है. 25 फरवरी की सुबह 11 बजे से VVIP कार्केड गुजरने तक सड़कें ब्लॉक रहेंगी. पटना हवाई अड्डा से फ्लाइट पकड़ने वाले यात्री को कहा गया है कि वह समय से पहले घर से निकले. 11 बजे से पहले ही एयरपोर्ट पहुंच जाएं. अगर सुबह 11 बजे प्लेन बोर्डिंग के लिए एयरपोर्ट जाना हो तो उनके लिए हज भवन के पास दक्षिणी लेन से एक लेन की व्यवस्था रहेगी.