सिटी पोस्ट लाइव : आखिरकार आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी को छोड़कर आरजेडी के साथ जाने के पीछे का बड़ा राज खोल दिया सीएम नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मंच से संबोधित करते हुए कहा कि हमलोग शुरू से साथ में थे. बीच में एनडीए से अलग हो गए थे, नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी के नेता केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन लोगों के कहने पर गड़बड़ कर दिये थे और उधर चले गए. लेकिन, फिर वही बोले चलिये यहां सब गड़बड़ इसलिए फिर एनडीए में वापस आ गए.
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बिहार के मधुबनी के झंझारपुर पहुंचे हैं. इसके लिए मैं उनको धन्यवाद देता हूं. आज प्रधानमंत्री बिहार में गैस, बिजली, रेल समेत अन्य क्षेत्रों की कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने वाले हैं. इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि 2 दिन पहले जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी घटना हुई है. हमलोग इसकी निंदा करते हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं. नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों को पूरा यकीन है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेंगे. आतंकियों के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश पीएम मोदी के साथ है.
नीतीश कुमार ने आरजेडी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार में कोई काम नहीं हुआ. बिहार में पहले महिलाओं के लिए कोई काम नहीं होता था. जब बिहार में एनडीए की सरकार आई तो कई काम किए गए हैं. एनडीए सरकार ने बिहार में महिलाओं के साथ-साथ युवाओं के लिए कई काम किए हैं. नीतीश कुमार ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बिहार को काफी कुछ मिला है. मैं पीएम मोदी का नमन करता हूं. आप सभी लोग पीएम मोदी के लिए ताली बजाये.