झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ददई दुबे नहीं रहे, दिल्ली में हुआ निधन..

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे अब हमारे बीच नहीं रहे. पिछले कुछ दिनों से नयी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली.ददई दुबे मजदूर नेता भी थे. मजदूरों के हक की आवाज पूरी बुलंदी के साथ उठाते थे. वह विश्रामपुर के विधायक और धनबाद के सांसद रहे थे. उनके निधन पर झारखंड की सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

चंद्रशेखर दुबे झारखंड सरकार में मंत्री और इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे थे.ददई दुबे विश्रामपुर विधानसभा सीट से 6 बार चुनाव जीते. 9 जुलाई को झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सर गंगाराम अस्पताल जाकर ददई दुबे से मुलाकात की थी. उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली थी. इस मजदूर नेता के निधन से शोक की लहर दौड़ गयी है.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने शोक संदेश में कहा है कि झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता आदरणीय चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) जी के निधन का दुःखद समाचार मिला. लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहते हुए ददई दुबे जी लोगों के हक-अधिकार के लिए हमेशा आवाज उठाते रहे. उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है. मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह घड़ी सहन करने की शक्ति दे.

Share This Article