सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय, बिहार — जिले में अपराध बेलगाम हो गए हैं। सोमवार को भगवानपुर थाना क्षेत्र के नैला वार्ड नंबर 15 में एक बार फिर बेख़ौफ़ अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान संजय शाह के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है।
हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी रमेश प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि – “नौला गांव में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस टीम कैंप कर रही है और लगातार कार्रवाई जारी है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम और अन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।”
जब डीएसपी से पूछा गया कि स्थानीय लोग हंगामा कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा: “ये स्वाभाविक है, किसी की मौत होती है तो परिजनों का आक्रोश निकलता है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। थाना अध्यक्ष और एसडीपीओ मौके पर कैंप कर रहे हैं।”हत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आपराधिक पृष्ठभूमि, आपसी रंजिश या अन्य कोणों से जांच कर रही है।