Bihar:
सिटी पोस्ट लाइव : विधानसभा चुनाव की तैयारी में बिहार कांग्रेस जी-जान से जुट गई है. अब अपनी मजबूत सीटों की पहचान के लिए पार्टी ने रविवार को पटना के एक निजी होटल मे पार्टी के तमाम विधायकों और महत्वपूर्ण नेताओं की बैठक की. इस बैठक मे बिहार के प्रभारी कृष्ण अलवारु ,प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार राम और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान शामिल हुए. खास बात ये रही कि बहुत दिन बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह इस बैठक मे नजर आये .
पार्टी की इस बैठक मे अपने विधायकों के क्षेत्र में किए गए कामों का आकलन किया गया. रविवार को कांग्रेस ने पार्टी के महत्वपूर्ण नेताओं की करीब तीन घंटे चली मैराथन समीक्षा बैठक में सीट और विधायकों के क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों पर लंबी चर्चा हुई. विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने उपस्थित कांग्रेसी विधायकों से पिछले साढ़े चार साल में किए गए कार्यों की जानकारी ली. पार्टी ने 17 विधायकों के क्षेत्र में किए कार्यों की समीक्षा की. इस समीक्षा बैठक के दौरान कुछ विधायकों ने शकील अहमद खान का विरोध भी किया. पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के 19 विधायक जीते थे जिसमें दो विधायक बागी होकर एनडीए के साथ हो गए. असल में पिछले हफ्ते महागठबंधन कॉर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सभी दलों से उनकी मजबूत सीटों की सूची मांग दी थी. हालांकि कांग्रेस में इस मुद्दे पर मतभेद है कि कांग्रेस की मजबूत सीटों और वहां के उम्मीदवारों की सूची सिर्फ राजद नेतृत्व को दिया जाए या नहीं. वरीय नेताओं का कहना है कि सभी छह दल कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक में एक साथ अपनी-अपनी सीटों की सूची पेश करें. इससे सभी दलों राजद, कांग्रेस, माले, सीपीआई, सीपीएम और वीआईपी को अपने साथ ही सहयोगी दलों की सीटों और मजबूत उम्मीदवारों की भी जानकारी रहेगी.
सूत्रों के मुताबिक, प्रभारी कृष्णा ने बैठक में कहा कि पार्टी अपनी लड़ने वाली मजबूत सीटों का सर्वे करा रही है. पिछली बार की तरह नहीं, इस बार जीतने वाली एक-एक सीट की पूरी समीक्षा कर उम्मीदवार तय होंगे. जिन सीटों पर दूसरे दलों से मतभेद हो, उसपर दोनों दलों के उम्म्दवारों की ताकत, कमजोरी की समीक्षा कर ही सीट किसे मिलेगी, ये तय हो. जरुरत पड़ेगी तो कॉर्डिनेशन कमेटी के समक्ष सूची पेश की जाएगी. बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बिहार दौरे पर भी बात हुई और पार्टी के केंद्रीय स्तर के नेताओं के लगातार चुनावी दौरे को लेकर भी बैठक मे चर्चा हुई.