दिल्ली में बिहारी नेता का डिप्टी CM बनना तय,3 नेताओं की चर्चा.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता पर BJP को काबिज कराने में पूर्वांचल के वोटरों का बड़ा योगदान है. पूर्वांचल बाहुल्य 23 सीटों में से बीजेपी 17 सीट जीतने में कामयाब हुई है. दिल्ली में मिली जीत में पूर्वांचलियों के बड़े योगदान को देखते हुए बीजेपी इस बार पूर्वांचल से किसी नेता को डिप्टी सीएम बना सकती है.संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली में इस बार CM के साथ दो डिप्टी CM बनाए जा सकते हैं. इनमें से एक चेहरा बिहार से ताल्लुक रखने वाला हो सकता है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

 इस रेस में 3 नाम अभय वर्मा, चंदन चौधरी और पंकज सिंह का आगे है.दिल्ली में 30% यानी करीब 45 लाख पूर्वांचली वोटर हैं, जो 23 सीटों पर निर्णायक हैं. इसमें से भाजपा 17 सीटों पर जीती है. इनकी लामबंदी के लिए योगी आदित्यनाथ, रवि किशन, मनोज तिवारी, गिरिराज सिंह जैसे नेताओं को उतारा था.8 महीने बाद बिहार में चुनाव हैं. उसे देखते हुए बीजेपी बिहार से नाता रखने वाले नेता को बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है.बजट में बिहार और पूर्वांचल पर फोकस रहा. पीएम ने अपनी रैलियों में बार-बार पूर्वांचल का जिक्र किया. खुद को पूर्वांचल का सांसद बताया.

अभय वर्मा लक्ष्मी नगर से लगातार दूसरी बार चुनाव जीते हैं. उनको अबकी बार नॉमिनेशन फाइल करने से कुछ घंटे पहले भाजपा ने टिकट दिया, लेकिन उन्होंने पिछली जीत की मार्जिन से इस बार बढ़ा लिया.52 वर्षीय अभय वर्मा बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले हैं. दरभंगा के राज हाईस्कूल से 10 वीं करने के बाद सीएम साइंस कॉलेज से पढ़ाई की. 2003 में दिल्ली बार काउंसिल के युवा प्रतिनिधि चुने गए. इस दौरान इन्होंने करप्शन और कई अनियमितताओं को लेकर आवाज उठाई. 2007 में भारतीय जनता पार्टी के लीगल सेल से जुड़े.2009 में दिल्ली बार काउंसिल के चुनाव में भारी मतों से जीतकर प्रतिनिधि चुने गए. दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल प्रकोष्ठ के संयोजक बने. फिलहाल भाजपा दिल्ली के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं. ये पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं.

विकासपुरी विधानसभा से पहली बार चुनाव जीते डॉ. पंकज कुमार सिंह भी रेस में है. पंकज बिहार के बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड के धरौली गांव के रहने वाले हैं. लेकिन पूरा परिवार दिल्ली में रहता है.इनके पिता दिवंगत राज मोहन सिंह दिल्ली में कमिश्नर थे.पंकज 2 बार कुंवर सिंह नगर निगम क्षेत्र से दिल्ली निगम के पार्षद रह चुके हैं.संगम विहार विधानसभा सीट से चंदन कुमार चौधरी पहली बार विधायक चुने गए हैं. चंदन मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले के चक प्रयाग गांव के रहने वाले हैं.ये भी रेस में हैं.

Share This Article