Bihar Politics: अभी राजनीति के फोकस में है ‘बिहार’, जीतने की जुगत में मोदी-राहुल; ऐसा है समीकरण
सिटी पोस्ट लाइव :20 25 में अकेले बिहार में विधान सभा चुनाव होनेवाला है.सभी राजनीतिक दलों की नजर बिहार पर टिकी है.राहुल गांधी आज 7 अप्रैल को तीसरी बार बिहार आ रहे हैं. इससे पहले वे 18 जनवरी और 4 फरवरी को बिहार आ चुके हैं. राहुल के दौरे से कांग्रेस में उत्साह है और चुनावी तैयारियों को विस्तार देने के लिए संगठन को मजबूत किया जा रहा है.विपक्षी एकजुटता के पैरोकार बने बिहार ने ही सबसे पहले इस पहल पर पानी फेरा.आईएनडीआईए (बिहार में महागठबंधन) को पिछले चुनाव की तुलना में अधिक सीटें भी सौंप दी. वस्तुत: इस चुनावी स्वभाव के कारण ही बिहार में सभी राजनीतिक दलों को अपनी संभावना दिखती है.
विधानसभा चुनाव को लेकर आमने-सामने के दोनों गठबंधनों (राजग और महागठबंधन) ने अभी से जोर लगा रखा है.अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है. उससे पहले सभी दलों की राजनीतिक गतिविधि बढ़ी हुई है. जाति आधारित रैलियों के बीच विभिन्न दलों द्वारा यात्राओं का क्रम भी चल रहा है.कन्हैया कुमार की पलायन रोको-नौकरी दो पदयात्रा के साथ कांग्रेस एक्शन में है. राहुल गांधी बेगूसराय जाएंगे और कन्हैया के साथ पैदल चलेंगे. उसके बाद पटना में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेगें.
चर्चा है कि विधानसभा चुनाव से पहले कम-से-कम दो दौरे प्रियंका गांधी के भी होंगे और राहुल आते-जाते रहेंगे. पिछली बार की तुलना में इस बार लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन से कांग्रेस की आशा बिहार में बढ़ी है.अपने शासन-काल के प्रदर्शन और विकास के लिए प्रतिबद्धता के आधार पर राजग की आशा और अधिक है. प्रधानमंत्री के दौरे से उस आशा को बल मिलता है. इसीलिए भाजपा की प्रदेश इकाई हर महत्वपूर्ण अवसर पर मोदी के दौरे की अपेक्षा रख रही है.
इस बार राष्ट्रीय पंचायत दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री 24 अप्रैल को मधुबनी में रहेंगे. वे पंचायती राज से संबंधित किसी ऐसी योजना की घोषणा कर सकते हैं, जिसका संदेश व्यापक हो. इसके अलावा पटना में हवाई अड्डा के नए टर्मिनल के उद्घाटन के साथ ही वे बिहटा हवाई अड्डा का शिलान्यास भी कर सकते हैं.इससे पहले मोदी 24 फरवरी को भागलपुर आए थे. तब उन्होंने किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी की थी.उससे पहले 15 नवंबर, 2024 को जमुई में जनजातीय गौरव उत्सव दिवस के उद्घाटन और दो दिन बाद 15 नवंबर को दरभंगा में एम्स के शिलान्यास के लिए बिहार आये थे.