अमित शाह आज आ रहे बिहार, मखाना से लेकर हॉस्टल तक का देंगे तोहफा
सिटी पोस्ट लाइव : अपने दो दिवसीय यात्रा पर आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार आ रहे हैं.वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत NDA नेताओं से मुलाकात करेंगे और कुछ समारोहों को संबोधित करेंगे.अमित शाह अपने बिहार दौरे में सूबे को कई सौगातें भी देने जा रहे हैं. अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के अनुसार ‘अमित शाह के शाम 7.45 बजे पटना एअरपोर्ट से सीधे पार्टी विधायकों से बातचीत के लिए भाजपा मुख्यालय जाएंगे. इसके बाद देर रात पार्टी कोर कमेटी की बैठक होगी.
‘रविवार को पटना में सहकारिता विभाग के एक समारोह को संबोधित करने के बाद शाह गोपालगंज जिले में एक रैली के लिए रवाना होंगे.’गोपालगंज से लौटने के बाद शाह राजग की महत्वपूर्ण बैठक के लिए मुख्यमंत्री के आवास पर जाएंगे.इस मुलाक़ात के बाद दिल्ली चले जायेंगे. भाजपा के पूर्व अध्यक्ष का यह दौरा बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हो रहा है और इस बैठक में उनकी पार्टी भाजपा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद(यू) के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) तथा जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा शामिल होंगे.
अमित शाह 30 मार्च को पटना के बापू सभागार में सहकारिता विभाग की कई योजनाओं का तोहफा देते हुए उनका उद्घाटन भी करेंगे. बताया जा रहा है कि अमित शाह के बापू सभागार वाले कार्यक्रम में बिहार के 5350 पैक्स, मत्स्यजीवी सहयोग समितियों, बुनकर सहयोग समितियों, 1000 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों, 300 ब्लॉक लेवल सब्जी उत्पादक सहयोग समितियों और 300 हैंडलूम वीवर्स समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे मखाना प्रोसेसिंग सेंटर का भी तोहफा देंगे.