नए साल पर पटना जू में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पर्यटक आज से टिकट बुक करा सकते हैं, वहीं 25 दिसंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। हालांकि, 1 जनवरी को पटना जू में प्रवेश के लिए टिकट की कीमत आम दिनों के मुकाबले अधिक रखी गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और व्यवस्थाएं सुचारु रहें।
दरअसल, नए साल के मौके पर पटना जू में टिकट शुल्क में एक दिन के लिए बढ़ोतरी की गई है। 1 जनवरी को वयस्कों के लिए टिकट 50 रुपये की जगह 150 रुपये और 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 20 रुपये की जगह 60 रुपये देने होंगे। बढ़ी हुई दरें सिर्फ नए साल के दिन ही लागू रहेंगी। भीड़ को सुचारु रूप से नियंत्रित करने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने काउंटरों की संख्या भी बढ़ा दी है। सामान्य दिनों में जहां चार टिकट काउंटर चलते हैं, वहीं 1 जनवरी को 10 अतिरिक्त काउंटर लगाए जाएंगे। इस तरह कुल 14 काउंटरों से टिकट बिक्री होगी, ताकि आगंतुकों को लंबी कतारों में खड़ा न रहना पड़े। वहीं, पटना जू के डायरेक्टर हेमंत पाटिल के मुताबिक, एडवांस टिकट बुकिंग से न सिर्फ लोगों को सहूलियत मिलेगी बल्कि प्रवेश प्रक्रिया भी तेज होगी। उन्होंने बताया कि भीड़ के दबाव को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की परेशानी न हो।
हालांकि, नए साल को देखते हुए पटना के पार्कों की प्रवेश दरों में भी बढ़ोतरी की गई है। शहर के सबसे अधिक भीड़ वाले इको पार्क में 1 जनवरी को वयस्कों के लिए टिकट 20 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये और बच्चों के लिए 10 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही शिवाजी पार्क, बोरिंग रोड स्थित एसके पुरी चिल्ड्रन पार्क समेत कुल 14 पार्कों में भी नए साल के दिन के लिए टिकट दरें बढ़ाई गई हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कदम बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और पार्कों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।