सिटी पोस्ट लाइव
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद भीम सिंह रविवार को कर्पूरी संकल्प यात्रा के सिलसिले में लखीसराय पहुंचे। जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जिला अतिथि गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं और चंद्रवंशी समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
चंद्रवंशी चौपाल निर्माण की हुई चर्चा
इस बैठक में चंद्रवंशी चौपाल के निर्माण पर चर्चा हुई, जिसकी लागत ₹5.5 लाख बताई गई है। सांसद ने कहा कि यह चौपाल विकास और सामाजिक चेतना का केंद्र बनेगा, जो समाज को राजनीतिक रूप से भी सशक्त करेगा।
कर्पूरी संकल्प यात्रा: सामाजिक समरसता का प्रतीक
सांसद भीम सिंह ने कहा कि “कर्पूरी संकल्प यात्रा एक सामाजिक जागरूकता यात्रा है, जो समाज के उपेक्षित वर्गों को जोड़ने और उन्हें सशक्त बनाने का माध्यम बनेगी। एनडीए सरकार चंद्रवंशी समाज की सबसे बड़ी हितैषी रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस समाज के लिए कई काम किए हैं।”
तेजस्वी यादव पर निशाना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “तेजस्वी सिर्फ आरोप लगाते हैं। जनता ने उन्हें इस लायक ही छोड़ दिया है। उनके माता-पिता को 15 साल का मौका मिला, लेकिन उन्होंने सिर्फ बिहार को बर्बादी की तरफ धकेला। अपहरण और पलायन का दौर उन्हीं के शासन की पहचान बन गया था।”
खेमका हत्याकांड पर बोले सांसद
व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या पर बोलते हुए भीम सिंह ने कहा कि “इस मामले में एसआईटी का गठन हो चुका है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने बढ़ते अपराध को लेकर सरकार की सख्ती का भरोसा दिलाया।