पटना में रात से ही कई इलाकों में बिजली गुल,गर्मी से हाहाकार…

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव :बिहार भीषण गर्मी से बेहाल है. इस बीच बुधवार  को पटना के कई क्षेत्रों में  बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने से लोग रात भर बेहाल रहे.  11 जून, 2025 को रात करीब 10:30 बजे करबिगहिया और मीठापुर स्थित 132/33 केवी ग्रिड सबस्टेशनों में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते इनसे जुड़े कुल 13 फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई. ठाकुरबाड़ी, धम्मचक, राजा बाजार, जैतुपुरा, यारपुर, कारगिल चौक, कंकड़बाग, बाइपास, राजेन्द्रनगर, अनवरपुर, कदमकुआं सहित अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है या बार-बार कटौती हो रही है.

बिजली आपूर्ति बाधित होने से गर्मी और उमस के कारण लोगों को रातभर नींद नहीं आई. कई इलाकों में इन्वर्टर भी सुबह तक जवाब दे गए, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को खासा दिक्कत हुई.  परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.बिजली विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपनी तकनीकी टीमें तैनात कर दी हैं. विभाग की ओर से बताया गया है कि Emergency Restoration System (ERS) के जरिए बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास तेज़ी से किया जा रहा है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अधिकारियों ने अनुमान जताया है कि दोपहर 2 बजे तक अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.बिजली विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और अनावश्यक बिजली उपयोग से बचें, ताकि बहाली के काम में तेजी लाई जा सके. साथ ही, किसी भी तरह की बिजली से जुड़ी समस्या की सूचना विभाग के टोल फ्री नंबर या हेल्पलाइन पर तुरंत दें.

Share This Article