बांग्लादेश सरकार ने IPL के प्रसारण पर देशभर में रोक लगा दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इंडियन प्रीमियर लीग 26 मार्च से शुरू हो रही है, लेकिन इससे पहले BCCI ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से बाहर कर दिया, जो अनुचित और बिना किसी ठोस कारण के लिया गया फैसला है।

मंत्रालय के अनुसार यह निर्णय बांग्लादेश की जनता के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इसी के चलते अगले आदेश तक IPL के सभी मैचों के प्रचार, प्रसारण और पुनः प्रसारण पर प्रतिबंध लगाया गया है। इससे पहले 3 जनवरी को KKR ने मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज किया था। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर बढ़ती हिंसा के बीच उन्हें हटाने की मांग उठी थी, जिसके बाद BCCI के निर्देश पर यह फैसला लिया गया। वहीं, 4 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया था। BCB ने ICC से अनुरोध किया है कि उसके मैच श्रीलंका में कराए जाएं।

गौरतलब है कि पाकिस्तान पहले ही अपने वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराने की मांग कर चुका है। भारत-पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चल रहे राजनीतिक तनाव के कारण दोनों देशों की टीमें एक-दूसरे के यहां क्रिकेट नहीं खेलतीं। यदि बांग्लादेश के मैच भी शिफ्ट होते हैं, तो वह विवादों के चलते भारत में वर्ल्ड कप न खेलने वाली दूसरी टीम होगी।