बिहार के इतने वोटर जमा कर चुके फॉर्म, आप भी जानिए आसान तरीका.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जोरशोर से चल रहा है. अब तक 80.11 प्रतिशत मतदाताओं ने नामांकन फॉर्म जमा कर दिया है. चुनाव आयोग के अनुसार शनिवार 6 बजे शाम तक 6,32,59,497 फॉर्म जमा हो चुके हैं.चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘शनिवार शाम 6 बजे तक 6,32,59,497 फॉर्म जमा किए जा चुके हैं, जो कुल लक्षित मतदाताओं का 80.11 प्रतिशत है. यानी हर पांच में से चार मतदाताओं ने अब तक नामांकन फार्म जमा कर दिए हैं. जिस रफ्तार से काम हो रहा है, उससे 25 जुलाई की समय-सीमा से पहले ही अधिकांश फॉर्म जमा हो जाने की उम्मीद है.’

आयोग के अनुसार, सभी पात्र मतदाताओं के लिए फॉर्म की 100 प्रतिशत छपाई पूरी कर दी गई है और वितरण भी अंतिम चरण में है. अब तक 4.66 करोड़ से अधिक फॉर्म डिजिटल रूप से ईसीआईनेट पर अपलोड किए जा चुके हैं. ईसीआईनेट चुनाव आयोग की नई एकीकृत सॉफ्टवेयर प्रणाली है, जिसमें पहले की 40 से अधिक चुनावी एप्लिकेशन को समाहित कर दिया गया है.एसआईआर अभियान के दूसरे चरण में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से भरे हुए फॉर्म जमा कर रहे हैं और उन्हें आवश्यक मदद भी प्रदान कर रहे हैं. इस प्रक्रिया की निगरानी 38 जिला रजिस्ट्रेशन अधिकारी, 243 विधानसभा क्षेत्रों के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर और 963 सहायक इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर कर रहे हैं. हालांकि कुछ जगहों पर BLA की लापरवाही भी सामने आई है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।


वोटर चाहें तो ECI की वेबसाइट पर जाकर न सिर्फ अपना फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं. बल्कि उसका प्रिंट निकालने के बाद जरूरी डिटेल्स भर कर, उसमें अपनी ताजा फोटो चिपका कर, फिर से उसी साइट पर जाकर अपलोड भी कर सकते हैं.इस अभियान में 4 लाख से अधिक स्वयंसेवक भी लगे हुए हैं, जो वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, बीमार और कमजोर तबकों को फॉर्म भरने और जमा करने में मदद कर रहे हैं.निर्वाचन आयोग ने बताया कि 1.56 लाख बूथ लेवल एजेंट्स, जिन्हें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त किया गया है,  इस काम में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं. ड्राफ्ट मतदाता सूची 1 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी. यदि किसी मतदाता को अभी दस्तावेज़ संलग्न करने में परेशानी है, तो वे 30 अगस्त तक अलग से दस्तावेज जमा कर सकते हैं.

Share This Article