Bihar Weather Today:
सिटी पोस्ट लाइव :बिहार भीषण गर्मी की चपेट में है. पछुआ के प्रभाव से गर्मी से लोग परेशान हैं. सामान्य से अधिक तापमान व सूर्य के प्रचंड ताप के कारण भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं. दो दिनों के बाद मौसम में परिवर्तन के साथ पुरवा हवा के सक्रिय होने के साथ 26-30 अप्रैल के बीच अधिसंख्य भागों में आंधी-पानी व हल्की वर्षा से मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है.26 अप्रैल को उत्तरी भागों के पूर्वी चंपारण, किशनगंज, अररिया,सुपौल,सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी में आंधी-पानी के साथ आफत की वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के छह जिलों पूर्वी चंपारण, सुपौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज एवं भागलपुर जिले के एक या दो स्थानों पर हीट वेव उष्ण लहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.जबकि, पटना सहित 22 शहरों में गर्म दिन रहने के साथ आर्द्र दिन रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज हवा चलने के आसार है. पटना व आसपास इलाकों में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ छिटपुट वर्षा के आसार जताए गए हैं. गुरुवार को पटना समेत अधिसंख्य भागों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई.
पटना का अधिकतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री बढ़ोतरी के साथ गुरुवार को 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे दिन भी गया शहर सबसे गर्म रहा. सुपौल में हीट वेव व मोतिहारी में सर्वाधिक हीट वेव का प्रभाव बना रहा.पटना व आसपास इलाकों में गर्म हवा चलने के साथ लू जैसी स्थिति बनी रही. गुरुवार को छपरा, मुजफ्फरपुर, जीरादेई, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मधेपुरा को छोड़ पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई.
मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटों के दौरान बक्सर के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री, बांका में 1.7 डिग्री, पटना में 0.2 डिग्री, औरंगाबाद में 0.2 डिग्री, अरवल में 0.2 डिग्री, भोजपुर में 0.4 डिग्री, कटिहार में 0.4 डिग्री, मुंगेर में 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई.तापमान बढ़ने से पशु पक्षी भी बेहाल हैं.