Bihar Chunav:
सिटी पोस्ट लाइव :बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने मुख्यमंत्री पद को लेकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा. अगर गठबंधन को बहुमत मिलता है, तो नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे.राजीव प्रताप रूडी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब सियासत में एनडीए के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं.
बीजेपी के अंदर भी कई नेताओं की बयानबाजी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि क्या पार्टी नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाएगी या किसी नए चेहरे को सामने लाएगी. इन तमाम अटकलों को खत्म करते हुए रूडी ने कहा कि एनडीए एकजुट है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनावी मैदान में उतरेगा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का प्रशासनिक अनुभव और सुशासन की छवि बिहार के लिए बेहद जरूरी है.
बीजेपी सांसद के इस बयान के बाद बिहार की सियासी सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है. इस बयान को नीतीश कुमार को एनडीए के भीतर पूर्ण समर्थन देने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि, बीजेपी के कुछ नेताओं द्वारा समय-समय पर मुख्यमंत्री पद को लेकर उठाए गए सवालों पर रूडी के इस बयान से विराम जरूर लग गया है. चिराग पासवान के चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद भी सियासत में खलबली मच गई थी कि क्या वे नीतीश कुमार की जगह लेने वाले हैं. हालांकि उन्होंने भी अपने बयान में स्पष्ट कहा था कि नीतीश कुमार ही एनडीए का सीएम फेस होंगे.