सिटी पोस्ट लाइव : पिछले साल NEET UG परीक्षा में पेपर लीक के मामले के मास्टर माइंड संजीव मुखिया ने सनसनीखेज खुलासे किये हैं.में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की पूछताछ में संजीव मुखिया ने स्वीकार किया है कि परीक्षा के दिन वह गुजरात के गोधरा में मौजूद था.जिस जय जलाराम स्कूल में NEET UG परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, वह स्थान संजीव की मौजूदगी वाली जगह से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर था.
जांच में यह भी सामने आया है कि इस लीक में एक DIG रैंक के पुलिस अधिकारी के रिश्तेदार की भी अहम भूमिका थी, जिसने परीक्षार्थियों के साथ पेपर की डील करवाई थी.CBI की पूछताछ के बाद अब गुजरात पुलिस संजीव मुखिया को गोधरा NEET UG धांधली केस में पूछताछ के लिए अहमदाबाद ले जा सकती है. मामले की जांच लगातार जारी है और कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है.
CBI को संजीव मुखिया ने यह भी बताया कि विभोर आनंद एक DIG रैंक के पुलिस अधिकारी का रिश्तेदार है और पेपर लीक के दौरान वह सीधे संपर्क में था.विभोर आनंद ही परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से सीधे संपर्क करता था और उन्हें वडोदरा के परशुराम राय से मिलवाता था. परशुराम राय एक वीजा कंसल्टेंसी फर्म चलाता है और विदेशों में पढ़ाई के लिए सलाह देता है. अभ्यर्थियों के डील पर राजी होने के बाद विभोर को कमीशन मिलता था.
NEET पेपर लीक मामले के उजागर होने के बाद गुजरात पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने गोधरा स्थित जय जलाराम स्कूल के प्रिंसिपल पुरुषोत्तम शर्मा, शिक्षक तुषार भट्ट, वडोदरा के शिक्षा सलाहकार परशुराम राय, उसके सहयोगी विभोर आनंद और दलाल आरिफ वोहरा को गिरफ्तार किया था.गिरफ्तार आरोपियों में विभोर आनंद मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले का निवासी है. उसे गुजरात पुलिस ने दरभंगा स्थित ससुराल से गिरफ्तार किया था.CBI को यह भी जानकारी मिली है कि संजीव मुखिया बिहार, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में अपना नेटवर्क चला रहा है.