सिटी पोस्ट लाइव : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC)के रिजल्ट का इंतज़ार कर रहे शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है.पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद बुधवार, 05 मार्च 2025 को शिक्षक भर्ती से संबंधित विज्ञापन संख्या 22/2024 का अंतिम परीक्षाफल जारी कर दिया गया है.आयोग ने गेस्ट शिक्षकों की सेवा अवधि के लिए अधिभार देते हुए इस परीक्षा का परिणाम घोषित किया है. पटना हाईकोर्ट ने आयोग को आदेश दिया था कि वह गेस्ट शिक्षकों को उनके सेवा अनुभव के आधार पर ग्रेस अंक दे, जिससे उनके परिणाम में सुधार हो सके.
गेस्ट शिक्षक जो 11वीं और 12वीं कक्षाओं में पढ़ाते थे, वे शिक्षक भर्ती परीक्षा में अपने अनुभव के आधार पर पांच अतिरिक्त अंक की मांग कर रहे थे. हालांकि, बिहार लोक सेवा आयोग ने उनकी इस मांग को खारिज कर दिया था, जिसके बाद इन गेस्ट शिक्षकों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया.अदालत में सुनवाई के बाद, कोर्ट ने बिहार लोक सेवा आयोग को आदेश दिया कि वह गेस्ट शिक्षकों को उनके अनुभव के आधार पर ग्रेस अंक दे और परिणाम में उचित संशोधन करे. इसके बाद आयोग ने कोर्ट के आदेश के तहत परीक्षा परिणाम में बदलाव किया और अब यह परिणाम प्रकाशित किया गया है.
बिहार लोक सेवा आयोग के इस फैसले के बाद अब सभी उम्मीदवारों को उनके परिणाम के बारे में जानकारी दी गई है. इसके साथ ही, परिणाम में संशोधन होने के कारण, संबंधित उम्मीदवारों को ग्रेस अंक के हिसाब से उनके कुल अंकों में सुधार किया गया है. इससे गेस्ट शिक्षकों को राहत मिली है और वे अब सही तरीके से भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगे. रिजल्ट https://bpsc.bihar.govt.in पर जाकर चेक कर सकते हैं