सिटी पोस्ट लाइव : भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम के फैसले का पाकिस्तान ने चंद घंटों में ही उल्लंघन कर डाला. जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक की सीमा पर पाकिस्तानी हमले ने साबित कर दिया कि पड़ोसी मुल्क की नीयत में खोट है. भारत ने इस नापाक हरकत पर कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान को सख्त लहजे में चेतावनी दी है. विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इस घटना की कड़ी निंदा की और पाकिस्तान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया.विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान की इस हरकत को ‘बेहद निंदनीय’ करार देते हुए कहा, “भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने की सहमति बनी थी, पिछले कुछ घंटों से उस समझौते का पाकिस्तान की ओर से घोर उल्लंघन हो रहा है. भारतीय सेना इस घुसपैठ का मुंहतोड़ जवाब दे रही है. सेना इस सीमा अतिक्रमण से निपट रही है. पाकिस्तान इस कायराना हरकत का जिम्मेदार है और उसे इसकी कीमत चुकानी होगी.
.”विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, “सशस्त्र बल स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ-साथ नियंत्रण रेखा पर सीमा उल्लंघन की किसी भी पुनरावृत्ति की घटना से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं.पाकिस्तान की इस बेशर्मी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह शांति का दुश्मन है. विदेश मंत्रालय ने दो टूक कहा कि भारत शांति के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन सीमा पर ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. इस घटना ने दोनों देशों के बीच तनाव को और गहरा कर दिया है, और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस्लामाबाद की अगली चाल पर टिकी हैं.पाकिस्तान की इस धोखेबाजी ने न केवल समझौते की भावना को ठेस पहुंचाई, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता को भी खतरे में डाल दिया. भारत ने साफ कर दिया है कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा. सीमा पर भारतीय सेना की चौकसी और सख्ती से पाकिस्तान के मंसूबों को हर बार नाकाम किया जाएगा.