सिटी पोस्ट लाइव :बिहार में वातावरण में आर्द्रता की मात्रा अधिक रहने के कारण लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, क्षोभ मंडल के निचले स्तर पर नमी की मात्रा अधिक होने तथा तापमान में वृद्धि के संयुक्त प्रभाव से महसूस होने वाले तापमान से अधिक गर्मी लोगों को परेशान करेगी. 26 अप्रैल से 7 जिलों के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद एवं गया जिले में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. बक्सर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद जिले में गर्म दिन रहने के साथ रात भी गर्म रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की वृद्धि का पूर्वानुमान है. 25 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में हीट वेव की संभावना है. 26 अप्रैल से प्रदेश के उत्तरी भागों में मौसम में बदलाव की संभावना है. इस दौरान 28 अप्रैल तक पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, शिवहर, सुपौल, अररिया, किशनगंज जिले के एक या दो स्थानों पर गरज-तड़क के साथ हल्की वर्षा की संभावना है.
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान इस सीजन में 40 डिग्री के पार जाने के साथ 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ गया प्रदेश में सर्वाधिक गर्म स्थान दर्ज किया गया.मंगलवार को पटना सहित दक्षिणी भागों में तापमान में वृद्धि होने से लोग गर्मी से परेशान रहे. पटना समेत आसपास क्षेत्रों में लू जैसे हालात बने रहे. मंगलवार से पटना सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों के मौसम में बदलाव आते ही लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं.