बिहार चुनाव में बनेंगे ‘किंगमेकर’! BJP ने इन्हें अपने साथ करने के लिए बनाया खास प्लान
सिटी पोस्ट लाइव : बिहार विधानसभा चुनाव में प्रवासी मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी.बीजेपी इन मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए विशेष योजना बना रही है. पार्टी 150 जिलों में नेताओं को भेजकर प्रवासियों से संपर्क करेगी और उनसे वोट डालने की अपील करेगी. इस वर्ष दिवाली और छठ के आसपास होने की संभावना है. दिवाली और छठ के समय देश के विभिन्न हिस्सों में काम करने वाले प्रवासी श्रमिक वापस अपने गांव-शहरों में लौटते हैं. एक अनुमान के मुताबिक पूजा को लेकर करीब 3 करोड़ प्रवासी मतदाता बिहार वापस आते हैं.इस दौरान चुनाव होने से बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक भी वोट डाल पाएंगे और चुनाव परिणाम तय करने में उनकी बड़ी भूमिका होगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीजेपी लोगों से बिहार जाकर वोट करने की अपील कर रही है. पार्टी ने इसके लिए देश के लगभग 150 जिलों को चुना है. पार्टी ने लगभग 150 नेताओं को यह काम सौंपा है. इन नेताओं को अलग-अलग जिलों में जाकर बिहार के प्रवासियों से मिलना है. बीजेपी ने पहले ही 28 राज्यों के लिए प्रभारियों को नियुक्त कर दिया है. दिलीप जायसवाल ने कहा कि बीजेपी को उम्मीद है कि वे प्रवासियों को वोट डालने के लिए समय पर वापस आने के लिए मना लेंगे.
सूत्रों के अनुसार, अगला कदम प्रवासियों को कॉल करना और उनसे पूछना होगा कि क्या वे वोट डालने के लिए वापस आएंगे. बीजेपी अपने नेताओं को एक 14-सूत्रीय सवालों की लिस्ट दे रही है. इसका शीर्षक है – ‘आम बिहारी प्रवासियों की जानकारी’. इसमें नाम, फोन नंबर, पता, पेशा, सामाजिक वर्ग, विधानसभा क्षेत्र, मूल जिला और यह जानकारी शामिल है. वह बीजेपी समर्थक है या नहीं और घर पर मतदाता का क्या प्रभाव है. इस जानकारी को इकट्ठा किया जा रहा है और अगस्त तक इसे एक ऐप पर अपलोड किया जाएगा.