सिटी पोस्ट लाइव
जैसे जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे नगर सहित जिले में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और जिले की जनता को नित्य नई नई सौगात मिल रही है । इसी कड़ी में आज नगर निगम मोतिहारी क्षेत्र अंतर्गत हिन्दी बाजार में नगर निगम द्वारा नव-निर्मित सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन नगर निगम की महापौर प्रीति कुमारी के कर-कमलों द्वारा किया गया। मौके पर महापौर प्रीति गुप्ता ने मीडिया को अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने एवं आम नागरिकों को स्वच्छ व बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बलुआ चौक, टाऊन थाना के समीप एवं पानी टंकी परिसर में पिंक शौचालय का निर्माण हुआ है, जिसे निगम के द्वारा संचालित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक शौचालय का निर्माण भी हुआ है । उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में करीब 32 सामुदायिक शौचालय एवं सार्वजनिक शौचालय के निर्माण हेतु निविदा आमंत्रण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और शीघ्र ही इनका निर्माण कार्य भी प्रारंभ कराया जाएगा। 4 अन्य महिलाओं के लिए पिंक शौचालय का निर्माण विभागीय रूप से किया जायेगा। इन शौचालयों के निर्माण से शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा तथा खुले में शौच की समस्या का समाधान भी हो सकेगा। महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि स्वच्छता मिशन को सफल बनाने में नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील किया कि नगर निगम द्वारा निर्मित सुविधाओं का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग दें। मोतिहारी से प्रतीक कुमार सिंह की रिपोर्ट
नगर निगम की बड़ी सौगात, मोतिहारी में पिंक टॉयलेट का शुभारम्भ