बिहार में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। पटना, बेतिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी समेत राज्य के 12 जिलों में बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश का न्यूनतम तापमान फिलहाल 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 दिसंबर के बाद ठंड का असर और तेज हो सकता है, ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 22 दिसंबर के बाद बिहार में शीतलहर जैसी स्थिति बनने की पूरी संभावना है। इसके चलते कई जिलों में दिन के तापमान में भी सामान्य से तेज गिरावट देखी जा सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान बेतिया में घना कोहरा छाया रहा, जबकि बांका में कोहरे की वजह से दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। साथ ही समस्तीपुर 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 17 दिसंबर को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर बिहार में 20 दिसंबर के बाद साफ तौर पर दिखेगा। इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे राज्य में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते तीन सालों से बिहार में दिसंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में ठंड का प्रकोप तेज हो जाता है। इसकी बड़ी वजह पश्चिमी हवाओं का सक्रिय और मजबूत होना माना जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बिहार समेत पूरे पूर्वी भारत में ठंडी हवाएं तेजी से फैलती हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है। इस बार भी मौसम का रुख कुछ इसी तरह का नजर आ रहा है। हालांकि, राजधानी पटना की बात करें तो फिलहाल सुबह और रात के समय हल्की से मध्यम ठंड बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ कम रह सकता है, जबकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। हालांकि 19 दिसंबर के बाद पटना में भी ठंड के तेवर तेज होने की संभावना है और सुबह-शाम ठिठुरन का अहसास अधिक हो सकता है।