बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर लखीसराय में हुई समीक्षात्मक बैठक

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
लखीसराय:
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक अहम समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की। बैठक में जिले के सभी वरीय कोषांग प्रभारी, नोडल पदाधिकारी और ईआरओ (निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी) मौजूद रहे।

जिलाधिकारी मिश्र ने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चुनाव से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति शांति के काल में तैयारी करता है, वह संकट के समय मुस्कराता है।” इसी सोच के साथ समय से पूर्व सभी तैयारियों को दुरुस्त करने का आह्वान किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिले में दो विधानसभा क्षेत्र – लखीसराय और सूर्यगढ़ा आते हैं। कार्मिक, ईवीएम, विधि-व्यवस्था, स्वीप, वाहन, डिस्पैच सेंटर आदि कोषांगों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस बार गांधी मैदान (लखीसराय) और आर. लाल कॉलेज (सूर्यगढ़ा) के पास करीब 800 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है, वहीं बाजार समिति के पास वैकल्पिक पार्किंग की योजना पर भी कार्य हो रहा है। मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, सेक्टर एवं जोनल दंडाधिकारियों का गठन संधारित डाटाबेस के अनुसार किया जाएगा। ईवीएम संचालन, आचार संहिता और आयोग के दिशा-निर्देशों को लेकर 40-50 कर्मियों के बैच में प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

अन्य जिलों से आने वाले कर्मचारियों के ठहराव एवं सुविधा की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की बात कही गई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, एडीएम सुधांशु शेखर, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीएम प्रभाकर, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार समेत कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article