सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा /पटना : नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत उतरथु गांव के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान बिंद थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी शैरु ढाढ़ी का 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई है। वहीं, घायल किशोर की पहचान उसके मित्र शैलेंद्र राम के 13 वर्षीय पुत्र जिलाजित कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक उतरथु ओनदा मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे कि तभी ढाई पीपल जिरायन नदी के समीप यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिंद थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने एसआई नागेंद्र चौधरी को दल-बल के साथ घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। वहीं, घायल जिलाजित कुमार का इलाज बिंद पीएचसी में चल रहा है।
घटना की जानकारी जैसे ही मृतक के परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि राहुल कुमार मेहनती और सरल स्वभाव का युवक था। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।