नए साल के जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटना जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रशासन की ओर से शहर की 104 सार्वजनिक और संवेदनशील जगहों पर 125 से अधिक दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
दरअसल, प्रशासनिक आदेश के अनुसार 31 दिसंबर की शाम 6 बजे से 1 जनवरी की शाम 6 बजे तक गंगा नदी में नावों के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस अवधि में नदी सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार गश्ती करेंगी। संजय गांधी जैविक उद्यान, इको पार्क, गांधी मैदान, कुम्हरार, पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर, इस्कॉन मंदिर, नेहरू पथ का पंचमुखी हनुमान मंदिर और पटन देवी मंदिर समेत सभी प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर प्रशासन सतर्क रहेगा। वहीं, पिकनिक स्पॉट्स के आसपास पैदल आने-जाने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में 24 दंडाधिकारी रिजर्व रखे गए हैं।

हालांकि, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDM) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। नाव परिचालन पर रोक को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चार मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। इसके अलावा, 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी की देर रात तक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। पटना एसएसपी के अनुसार जेपी गंगा पथ और रिवर फ्रंट इलाके में पैदल गश्ती की जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती रहेगी। रात्रि के समय स्पेशल मोबाइल टीम द्वारा सघन गश्ती की जाएगी और बाइकर्स गैंग द्वारा हुड़दंग की किसी भी कोशिश पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।