सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार में 2025 विधानसभा चुनाव से पहले विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। प्रगति यात्रा के समापन के बाद अब वे प्रत्येक विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विभागों में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की गहन समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं पर विभागों ने कितना काम किया है।
इसी को लेकर विभागीय मंत्रियों और आला अधिकारियों की मौजूदगी में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक विभाग की कार्यप्रणाली को बारीकी से जांचा जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री खुद विभागों की प्रगति रिपोर्ट देखेंगे और जहां जरूरी होगा, वहां अधिकारियों को निर्देश भी देंगे। विकास योजनाओं में देरी को लेकर सख्ती बरतने की संभावना है।
मुख्यमंत्री चाहते हैं कि बिहार की जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ तेजी से मिले, जिससे चुनाव से पहले एक मजबूत प्रशासनिक छवि बनाई जा सके। सरकार ने समीक्षा बैठकों के लिए विशेष कार्यक्रम तैयार किया है। मुख्यमंत्री हर विभाग का अलग-अलग आकलन करेंगे और आवश्यक सुधारों पर भी चर्चा करेंगे। बिहार में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के लिए मुख्यमंत्री का यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।