सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश और विदेश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करके पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विदेशी नेताओं ने भी पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना की है।
राहुल गांधी और खरगे ने ‘एक्स’ पर दी बधाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देता हूं, साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी करता हूं।” इसी तरह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी ‘एक्स’ पर पीएम मोदी को बधाई देते हुए पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई देता हूं। साथ ही मैं उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना भी करता हूं। भगवान उनको दीर्घायु बनाए।”
राष्ट्रपति मुर्मू ने की दीर्घायु की कामना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि, “परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।”
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कही ये बात
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, “मेरा सौभाग्य है कि पिछले 8 साल से मैं प्रधानमंत्री मोदी की टीम का सदस्य हूं। उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले से मेरा उन्हें जानने का सौभाग्य है। आज हमारे 5 गुरुद्वारा साहिब में प्रधानमंत्री मोदी के लंबे जीवन, अच्छे स्वास्थ्य के लिए अरदास हो रहा है। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश सेवा में बहुत सारे और सालों की कामना करते हैं।”
इस मौके पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। यह दिखाता है कि पीएम मोदी की स्वीकार्यता और उनका प्रभाव सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी है।