इंटरनेशनल सिंगर एकॉन के इंडिया टूर से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। 9 नवंबर को दिल्ली से टूर की शुरुआत करने के बाद 14 नवंबर को उन्होंने बैंगलोर में धमाकेदार परफॉर्मेंस दी, लेकिन इस दौरान फैंस की हरकत से मंच पर अफरा-तफरी मच गई। लाइव शो के दौरान कुछ फैंस ने एकॉन का पैंट खींच लिया, जिसके बाद सिंगर को स्टेज पर ही अपने कपड़े संभालते हुए दिखे। वहीं, इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और कॉन्सर्ट मैनेजमेंट पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एकॉन स्टेज पर अपना पॉपुलर ट्रैक ‘सेक्सी बिच’ परफॉर्म कर रहे थे। गीत के बीच जब वे मंच के किनारे की ओर बढ़े, तभी नीचे मौजूद कुछ फैंस ने उनके पैर पकड़ने शुरू कर दिए। स्थिति बिगड़ती देख एकॉन ने खुद को गिरने से तो बचा लिया, लेकिन भीड़ वहीं नहीं रुकी। फैंस लगातार उनके कपड़ों को खींचते रहे, जिसकी वजह से उनका पैंट काफी नीचे खिसक गया। अचानक हुई इस हरकत के बावजूद एकॉन ने एक हाथ से माइक्रोफोन संभाला और दूसरे हाथ से पैंट ऊपर करने की कोशिश करते हुए अपना गाना जारी रखा।
हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है। कई यूजर्स ने इस घटना को कलाकारों की सुरक्षा में घोर लापरवाही बताया है। वहीं, बढ़ते विवाद के बीच लोगों ने आगामी शो में सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है। बता दें, एकॉन अब 16 नवंबर को मुंबई में परफॉर्म करेंगे, जो उनके इंडिया टूर का आखिरी कॉन्सर्ट होगा।