सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में आज ‘सियासत का सुपर शुक्रवार’ है. शाम 5 बजे अमित शाह पटना में भाजपा की चुनावी रणनीति पर बैठक करेंगे. दूसरी ओर प्रियंका गांधी पटना में महिला संवाद और मोतिहारी में जनसभा करेंगी. जबकि तेजस्वी यादव मटिहानी और बछवारा में रैली करेंगे. असदुद्दीन ओवैसी भी पूर्णिया में जनसभा कर रहे हैं. जिससे सियासी सरगर्मी तेज़ है.
बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं. आज शुक्रवार का दिन राज्य की राजनीति के लिए ‘सुपर शुक्रवार’ साबित होने जा रहा है. सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के दिग्गज नेता आज चुनावी रणनीति को धार देने और जनता को साधने के लिए मैदान में उतर रहे हैं.केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज शाम 5 बजे पटना स्थित भाजपा कार्यालय में एक बड़ी बैठक करेंगे. इस महत्वपूर्ण बैठक में चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल होंगे. यह मीटिंग आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने, और उम्मीदवारों के चयन सहित गहन चुनावी रणनीति पर केंद्रित रहेगी. अमित शाह का यह दौरा स्पष्ट संकेत देता है कि भाजपा ने बिहार में चुनावी कमान अपने हाथ में ले ली है और जीत सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व सीधे निगरानी कर रहा है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज बिहार में महिलाओं को साधने के लिए मैदान में उतर रही हैं. प्रियंका गांधी पटना स्थित कांग्रेस दफ्तर में महिला संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगी. जिसका उद्देश्य महिला मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना है. इसके अलावा उनकी एक महत्वपूर्ण जनसभा मोतिहारी में भी आयोजित की गई है. प्रियंका गांधी की सक्रियता कांग्रेस और महागठबंधन के लिए महिला वोट बैंक को साधने का एक बड़ा प्रयास है. जिसे एनडीए की ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की घोषणा के बाद और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
तेजस्वी यादव भी आज चुनावी दौरे पर हैं. तेजस्वी यादव मटिहानी और बछवारा में जनसभाएं करेंगे, जहां वह महागठबंधन के 10 लाख नौकरियों’ के वादे और अन्य स्थानीय मुद्दों को उठाएंगे.मुस्लिम वोट बैंक पर पैनी नजर रखने वाले एआईएमआईएम (AIMIM) के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी आज पूर्णिया में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. सीमांचल क्षेत्र में ओवैसी की यह जनसभा मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने का प्रयास है. जिससे महागठबंधन के वोटों में सेंधमारी की आशंका बनी रहेगी.
कुल मिलाकर आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए काफी गहमागहमी वाला है. जहां एक ओर भाजपा अपना चुनावी रोडमैप फाइनल कर रही है. वहीं कांग्रेस और आरजेडी रैलियों और संवाद के जरिए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं.