अनंत सिंह इन दिनों अपने बेटे अभिनव सिंह को घुड़सवारी सिखाते नजर आ रहे हैं। पटना स्थित उनके आवास से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें अभिनव कभी सफेद तो कभी काले घोड़े पर सवार दिखाई देते हैं। पास में बैठे अनंत सिंह उन्हें संतुलन और नियंत्रण के गुर सिखाते हुए कहते सुनाई देते हैं—“धीरे-धीरे, आराम से।”

एक अन्य वायरल वीडियो में अभिनव काले घोड़े पर सवार होकर अभ्यास करते दिखते हैं, जहां अनंत सिंह उन्हें घोड़े पर पकड़ मजबूत रखने और सही तरीके से बैठने की सलाह देते हैं। घोड़ों के प्रति अनंत सिंह का लगाव पुराना रहा है और उनके पास कई महंगे घोड़े मौजूद हैं। हाल ही में 28 मार्च को भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें अनंत सिंह अपने पसंदीदा काले घोड़े की लगाम थामे उसे निर्देश देते नजर आए—“चल तो” और “आगे बढ़”—जिस पर घोड़ा उनकी बात मानते हुए आगे बढ़ता दिखा। अनंत सिंह पहले भी अपने बेटे के साथ इस तरह के वीडियो को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। अगस्त 2025 में भी पटना की सड़कों पर घुड़सवारी सिखाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें अभिनव घोड़े पर सवार थे और अनंत सिंह कार से उनके साथ-साथ चलते दिखाई दिए थे।

घोड़ों के प्रति उनका शौक लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। बताया जाता है कि एक समय उनके पास करीब 100 घोड़े थे, और उन्होंने अपने घर में अजगर और हाथी जैसे जानवर भी पाल रखे थे। उनका शाही अंदाज भी लोगों को आकर्षित करता रहा है—कभी वे घोड़े पर सवार होकर तो कभी सजी-धजी बग्घी में विधानसभा पहुंचते थे। हाल ही में मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि वे अपने बेटे अभिनव को आईपीएस अधिकारी बनाना चाहते हैं। वहीं, अभिनव ने बताया कि 12वीं की परीक्षा के बाद वे आगे की पढ़ाई करेंगे और अपने पिता का सपना पूरा करने की कोशिश करेंगे।