सिटी पोस्ट लाइव
बॉलीवुड से एक बार फिर खुशखबरी आई है। अभिनेता और निर्माता अरबाज खान दूसरी बार पिता बनने जा रहे हैं। उनकी पत्नी शूरा खान प्रेग्नेंट हैं। इस खबर से खान परिवार में खुशी का माहौल है और साथ ही अभिनेता सलमान खान भी जल्द ही ‘बड़े पापा’ बनने जा रहे हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में अरबाज खान ने दिल्ली टाइम्स से बात करते हुए बताया कि वह इस नई जिम्मेदारी को लेकर बेहद खुश और थोड़े नर्वस भी हैं। उन्होंने कहा, “मैं बहुत एक्साइटेड हूं। ये एक बहुत खूबसूरत और जिम्मेदारी भरा एहसास है, जो मुझे बेहद पसंद आ रहा है। लंबे वक्त बाद दोबारा पिता बनने को लेकर मैं थोड़ा नर्वस भी हूं।”
गौरतलब है कि अरबाज खान पहले से ही एक बेटे के पिता हैं – अरहान खान, जो उनकी पहली पत्नी मलाइका अरोड़ा के साथ हैं। अरहान अब युवा हो चुके हैं और विदेश में पढ़ाई कर रहे हैं।
अरबाज और शूरा की शादी दिसंबर 2023 में बेहद सादगी से हुई थी। यह शादी अर्पिता खान शर्मा और आयुष शर्मा के घर आयोजित की गई थी, जिसमें केवल परिवार के करीबी लोग ही शामिल हुए थे। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे। फैंस और इंडस्ट्री सेलेब्स अरबाज और शूरा को आने वाले नए मेहमान के लिए ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं। वहीं, सलमान खान के फैंस भी उन्हें “बड़े पापा” बनने पर बधाई दे रहे हैं।