भारतीय रेलवे से रोजाना करोड़ों यात्री सफर करते हैं, लेकिन इस बार यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। रेलवे ने किराए में बढ़ोतरी का फैसला लेते हुए 26 दिसंबर से नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत तय दूरी से अधिक यात्रा करने पर ट्रेन किराए में इजाफा होगा, जिससे लंबी दूरी का रेल सफर पहले के मुकाबले महंगा हो जाएगा।
रेलवे के इस फैसले का सीधा असर बिहार से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत स्लीपर और थर्ड एसी (3AC) दोनों श्रेणियों के टिकट महंगे होंगे। भले ही किराए में बढ़ोतरी मामूली है, लेकिन लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को इसका असर साफ तौर पर महसूस होगा। खासकर नौकरी, शिक्षा और इलाज के सिलसिले में बाहर जाने वाले लोगों को अब टिकट बुकिंग के दौरान अधिक राशि चुकानी पड़ेगी। बिहार से बड़ी संख्या में लोग रोज़गार के लिए अन्य राज्यों का रुख करते हैं, ऐसे में किराया वृद्धि का सबसे ज्यादा भार इन्हीं यात्रियों पर पड़ेगा। पटना से दिल्ली (करीब 1000 किमी) की यात्रा पर स्लीपर क्लास का किराया लगभग 20 रुपये बढ़ेगा, जबकि पटना से मुंबई (करीब 1700 किमी) जाने पर करीब 34 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं पटना से बेंगलुरु (करीब 2150 किमी) के सफर में स्लीपर टिकट करीब 43 रुपये महंगा हो जाएगा। इसके अलावा दरभंगा और कटिहार से अहमदाबाद, चंडीगढ़ और हैदराबाद जैसे रूट्स पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी 30 से 45 रुपये तक ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि स्लीपर के साथ-साथ 3AC में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अब महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। रेलवे ने एसी श्रेणी में प्रति किलोमीटर दो पैसे की दर से किराया बढ़ाने का फैसला किया है, जिसके चलते 1000 किलोमीटर की दूरी पर 3AC का किराया लगभग 20 रुपये तक बढ़ जाएगा। पटना से मुंबई रूट पर यह बढ़ोतरी करीब 34 रुपये और पटना से बेंगलुरु रूट पर लगभग 43 रुपये तक होगी। वहीं दरभंगा और कटिहार से अहमदाबाद, चंडीगढ़ और हैदराबाद जैसे लंबी दूरी के रूट्स पर भी 3AC किराए में 30 से 45 रुपये तक की वृद्धि देखने को मिलेगी। भले ही प्रति यात्री यह बढ़ोतरी मामूली लगे, लेकिन नियमित तौर पर लंबी दूरी का सफर करने वालों के लिए रेलवे का यह फैसला जेब पर असर डालने वाला साबित होगा।