‘शॉपिंग करा रहे हैं क्या भईया?’ तेजस्वी ने किया अभिवादन, तो तेज प्रताप ने किया पूरी तरह इग्नोर; पटना एयरपोर्ट पर दिखी लालू परिवार की तल्खी

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति और लालू प्रसाद यादव के परिवार में चल रहा घमासान हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर एक नए और सार्वजनिक ‘सीन’ के रूप में सामने आया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो के दोनों बेटे-बड़े और बागी तेज प्रताप यादव और छोटे तेजस्वी यादव अचानक एक-दूसरे के सामने आ गए, और इस दौरान बड़े भाई तेज प्रताप ने छोटे भाई के अभिवादन को पूरी तरह से अनदेखा कर दिया, जिससे दोनों के बीच की तल्खी साफ नजर आई।

पटना एयरपोर्ट पर अचानक आमने-सामने
यह घटना पटना एयरपोर्ट पर हुई, जहां तेज प्रताप यादव अपने कुछ समर्थकों के साथ खादी कपड़ों के एक मशहूर ब्रांड की दुकान में दिखाई दिए। वीडियो में तेज प्रताप अपनी बंडी (जैकेट) के लिए पूछते हैं, “बंडी है बंडी, 38 नंबर का।” उनके साथ मौजूद एक शख्स मज़ाक में कहता है, “अरे ये शोरूम कब खुल गया यहां। अरे नहीं-नहीं हमको गिफ्ट की जरूरत नहीं है तेजू भइया।” इस पर तेज प्रताप कहते हैं, “अरे नहीं-नहीं, हम अपने बंडी देख रहे हैं।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जैसे ही यह बातचीत चल रही होती है, तेज प्रताप के एक समर्थक ने उनके कान में आकर बताया कि तेजस्वी यादव भी मुकेश सहनी के साथ एयरपोर्ट पर आए हैं और दुकान के ठीक बाहर मौजूद हैं।

तेजस्वी का सवाल और तेज प्रताप की चुप्पी
कैमरा जैसे ही तेजस्वी यादव की तरफ मुड़ता है, वह मुकेश सहनी के साथ बाहर से तेज प्रताप यादव को देखकर मुस्कुराते हैं। तेजस्वी ने बड़े भाई की तरफ देखकर मज़ाकिया अंदाज़ में पूछा, “शॉपिंग करा रहे हैं क्या भईया (तेज प्रताप यादव)?”

तेजस्वी के इस सवाल पर, तेज प्रताप के साथ मौजूद शख्स ने जवाब दिया, “हमको गिफ्ट दे रहे हैं।” इस पर तेजस्वी ने उस शख्स से कहा, “लकी हैं आप।” लेकिन, इस पूरी बातचीत के दौरान, तेज प्रताप यादव ने एकदम शांत भाव बनाए रखा। वह तेजस्वी की ओर देखते जरूर हैं, लेकिन न तो मुस्कुराते हैं और न ही एक शब्द बोलते हैं। छोटे भाई के खुले अभिवादन का भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

परिवार में चरम पर विवाद
यह मुलाकात तब हुई है जब लालू परिवार में राजनीतिक और व्यक्तिगत विवाद चरम पर है। तेजस्वी यादव ने हाल ही में तेज प्रताप यादव के गढ़ महुआ से अपना उम्मीदवार उतार दिया है, जिससे भड़के तेज प्रताप ने भी धमकी दी थी कि वह भाई के खिलाफ राघोपुर जाएंगे। हालांकि, इस पूरे मामले में उनकी मां राबड़ी देवी ने तेज प्रताप का पक्ष लिया है, और बड़ी बहन मीसा भारती ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया है।

वीडियो में तेज प्रताप का यह व्यवहार साफ संकेत देता है कि उन्हें पार्टी से बाहर किए जाने के तरीके के लिए वह कथित तौर पर तेजस्वी को भी जिम्मेदार मानते हैं। यही वजह है कि छोटे भाई के अभिवादन पर भी उन्होंने चुप्पी साधे रखी। उनके साथ मौजूद शख्स ने आखिर में पूछा भी, “एकदम बातचीत नहीं है आप दोनों के बीच?” जिस पर तेज प्रताप केवल इतना कहते हैं कि “अरे वो अपना…”।

इस वीडियो से यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों भाइयों के बीच की राजनीतिक और व्यक्तिगत दूरियाँ सतह पर आ चुकी हैं और फिलहाल कम होने वाली नहीं हैं।

Share This Article