सिटी पोस्ट लाइव
गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के हेमबरदाहा गांव निवासी सेना के जवान हिमांशु कुमार मिश्रा की पानी में डूबने से दुखद मौत हो गई। जवान हिमांशु मिश्रा की पोस्टिंग हाल ही में उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई थी। 22 जून को वे बाजपुर क्षेत्र के गुलरभोज नदी में नहाने के दौरान डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया और दो दिन की कड़ी मशक्कत के बाद 24 जून को उनका शव नदी से बरामद किया गया।
23 वर्षीय हिमांशु मिश्रा 2022 में आर्मी सप्लाई कोर (ASC) में भर्ती हुए थे। वे दो भाइयों में छोटे थे, जबकि उनके बड़े भाई विवेक मिश्रा भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं। उनके पिता अशोक मिश्रा बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। जैसे ही हिमांशु की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार को जैसे ही तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर कुचायकोट प्रखंड और थाना प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय मुखिया समेत गांव के कई लोगों ने नम आंखों से बताया कि हिमांशु एक होनहार, विनम्र और देशभक्त नौजवान थे। उनकी असमय मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।