सिटी पोस्ट लाइव
बस अब कुछ घंटे में एशिया कप का पहला मुकाबला खेला जाना है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले टीम इंडिया के बॉलिंग कोच ने गेंदबाजी विकल्प से लेकर कई सवाल के जवाब दिए हैं। वहीं, टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर से यूएई के खिलाफ करेगी।
एशिया कप शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने सोमवार को नेट सत्र के दौरान कई सवालों के जवाब दिए हैं। ऑलराउंडर को लेकर मोर्कल ने बताया कि ‘मेरे लिए यह महत्वपूर्ण है कि शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी चार ओवर गेंदबाजी कर सकें। मैं हमेशा ऑलराउंडरों को उनकी दोनों स्किल्स (बल्लेबाजी और गेंदबाजी) पर मेहनत करने के लिए प्रेरित करता हूं। कई बार खिलाड़ी प्रैक्टिस में एक स्किल पर ज्यादा ध्यान देते हैं और दूसरी को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन हम कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।’ उन्होंने गेंदबाजी विकल्प के बारे में बात करते हुए बताया कि ‘किसी दिन हमें किसी ऐसे खिलाड़ी की जरूरत पड़ सकती है, जो काम पूरा करे। उस दिन की परिस्थितियां किसी खिलाड़ी के लिए ज्यादा अनुकूल हो सकती हैं। इसलिए हमें पेशेवर रवैया अपनाना होगा। यह जिम्मेदारी लेने और क्वालिटी काम करने की बात है, ताकि जब कप्तान सूर्यकुमार यादव आपको गेंद थमाए, तो आप तैयार हों।’ इसके अलावा दुबई और अबू धाबी में होने वाले एशिया कप को लेकर बात करते हुए कहा कि ‘हमें पिच को देखना होगा। चैंपियंस ट्रॉफी के समय यहां काफी क्रिकेट खेला गया था। मुझे लगता है कि पिचों पर काफी घास है। आगे कहा कि ‘पहला मैच शुरू होने से पहले हमें यह समझ आ जाएगा कि कौन सी रणनीति बेहतर होगी। अभी के लिए हम हर पहलू को कवर कर रहे हैं और मैच के दिन अंतिम फैसला लेंगे।’ इसके साथ ही कुलदीप को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका न मिलने पर मोर्कल ने बताया कि ‘कुलदीप एक बहुत ही पेशेवर खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड दौरे पर उन्हें मुश्किल से कोई गेम टाइम मिला, लेकिन इसके बावजूद वे मेहनत करते रहे। कुलदीप ने अपने करियर में ढेर सारे ओवर फेंके हैं। उन्हें पता है कि टी-20 और व्हाइट-बॉल क्रिकेट के लिए कैसे तैयार होना है।
गौरतलब है कि टी20 फॉर्मेट में होने वाली एशिया कप 2025 की शुरूआत आज, 9 सितंबर से हो रही है। अभी टीम इंडिया UAE में एशिया कप खेलने के लिए गई है। वहीं, भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलने उतरेगी। आगानी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि शिवम दुबे जैसे ऑलराउंडर्स भारत के लिए ट्रम्प कार्ड साबित होंगे।