इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले एक मिनी ऑक्शन का आयोजन दिसंबर में होगा। उससे पहले सभी 10 टीमें अपने रिटेन और रिलीज़ प्लेयर्स का चयन कर बीसीसीआई को सौंपेंगी। इस प्रक्रिया में यह तय होगा कि किस टीम ने किन खिलाड़ियों को अपने साथ रखा और किन्हें रिलीज किया। प्लेयर्स की यह रिटेंशन लिस्ट अगले हफ्ते जारी होगी, जिसकी तारीख भी आधिकारिक रूप से घोषित कर दी गई है। फैंस के लिए खास बात यह है कि रिटेंशन का पूरा प्रोसेस लाइव प्रसारित और ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाएगा, ताकि हर कोई इसका मज़ा घर बैठे ले सके।
IPL 2026 के लिए सभी 10 टीमों को अपने रिटेन और रिलीज़ किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट बीसीसीआई को सौंपने की अंतिम तारीख 15 नवंबर तय की गई है। इसी दिन (शनिवार, 15 नवंबर) यह लिस्ट सार्वजनिक भी होगी और फैंस इसे लाइव देख सकेंगे। पिछले संस्करण(IPL 2025) में मेगा ऑक्शन हुआ था, जिसमें सभी फ्रेंचाइजियों को तीन साल के चक्र के लिए अपनी टीम बनाने का मौका मिला था। इस बार होने वाला ऑक्शन मिनी ऑक्शन होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पर किसी भी टीम के रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों की संख्या पर कोई सीमा नहीं है। साथ ही फैंस के लिए बड़ी खबर यह है कि आईपीएल रिटेंशन का पूरा प्रोसेस स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही इसे जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर भी लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से देखा जा सकेगा। इसका मतलब है कि क्रिकेट प्रेमी घर बैठे ही अपनी पसंदीदा टीम के रिटेन और रिलीज़ किए गए खिलाड़ियों की पूरी जानकारी लाइव देख पाएंगे।
आईपीएल 2026 से पहले अगले महीने, दिसंबर में मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, यह ऑक्शन तीसरे हफ्ते में हो सकता है। चूंकि यह मिनी ऑक्शन होगा, इसलिए यह एक ही दिन का आयोजन हो सकता है। वहीं, बीसीसीआई इस बार ऑक्शन को भारत के बाहर कराने पर भी विचार कर रहा है। फिलहाल यूएई को संभावित जगह के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फैंस और टीमों की नजर अब इस मिनी ऑक्शन और उसके स्थान पर टिकी हुई है।