वनडे क्रिकेट पर रो-को का राज! ICC रैंकिंग में रोहित टॉप पर कायम…

Ritu Raj

ICC वनडे बैटिंग रैंकिंग में एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। रो-को यानी रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टॉप पर अपनी मजबूत मौजूदगी बरकरार रखी है। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा नंबर-1 स्थान पर कायम हैं, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो शतक और एक अर्धशतक जड़ने वाले विराट कोहली नंबर-2 पर पहुंच गए हैं। आईसीसी ने बुधवार को अपनी साप्ताहिक वनडे रैंकिंग जारी की।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 302 रन बनाने वाले विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, जिसका फायदा उन्हें आईसीसी रैंकिंग में भी मिला है। कोहली ने दो स्थान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया है और वह अब नंबर-1 रोहित शर्मा से महज आठ रेटिंग पॉइंट पीछे हैं। रोहित शर्मा ने इस सीरीज में कुल 146 रन बनाए थे। अब भारत का अगला वनडे टूर्नामेंट 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाना है, जहां रोहित-कोहली के बीच नंबर-1 की रेस और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। कोहली के अलावा केएल राहुल को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है और वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। गेंदबाजों की बात करें तो कुलदीप यादव ने तीन स्थान की छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक (13वें), ऐडन मार्करम (25वें) और टेम्बा बावुमा (37वें) भी रैंकिंग में आगे बढ़े हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

टी-20 रैंकिंग की बात करें तो साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवॉल्ड ब्रेविस ने अपने पहले ही मैच में शानदार अर्धशतक जड़कर जोरदार प्रभाव छोड़ा है और सीधे आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं भारतीय टीम के गेंदबाजों को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टी-20 रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत की है, जिससे सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत का दबदबा और मजबूत होता नजर आ रहा है।

Share This Article