सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर महागठबंधन की बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में आज हुई महत्वपूर्ण बैठक में विकाशील इंसान पार्टी (VIP) के मुखिया मुकेश सहनी की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही। हालांकि, उनकी जगह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाल मुकुंद बिन्द बैठक में शामिल हुए और पार्टी का पक्ष रखा।
बैठक में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बाल मुकुंद बिन्द ने कहा कि वे महागठबंधन की बैठक में पार्टी का प्रतिनिधित्व करने आए हैं। मुकेश सहनी की अनुपस्थिति पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पारिवारिक कारणों से बाहर गए हुए हैं। उनकी अनुपस्थिति का महागठबंधन में सीट बंटवारे या पार्टी की भूमिका पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
सीट बंटवारे को लेकर चल रही अटकलों और 60 सीटों की मांग पर बिन्द ने कहा, “60 सीटों की जो बातचीत आ रही है, वह तो हम लोगों का अपना फैसला है।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि महागठबंधन में यह फैसला होगा कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उनके इस बयान से साफ है कि VIP अपनी मांग पर अडिग है, लेकिन अंतिम फैसला महागठबंधन के भीतर ही आपसी सहमति से होगा।
बाल मुकुंद बिन्द ने आगे कहा कि महागठबंधन के सभी दल मिलकर ही चुनाव लड़ेंगे और सभी के हितों का ध्यान रखा जाएगा। उनकी मौजूदगी और बयान से यह संदेश गया है कि भले ही मुकेश सहनी व्यक्तिगत रूप से मौजूद न हों, लेकिन VIP महागठबंधन का एक महत्वपूर्ण घटक है और वह अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही है। अब देखना यह होगा कि महागठबंधन की यह बैठक सीट बंटवारे को लेकर क्या ठोस निर्णय लेती है और VIP को कितनी सीटें मिल पाती हैं।