सिटी पोस्ट लाइव
खगौल नगर परिषद की बोर्ड बैठक में लिए गए कई अहम फैसले, CCTV से लेकर हाउसहोल्ड डस्टबिन और पेंशनभोगियों के DA बढ़ोतरी पर मुहर दानापुर से खबर है कि खगौल नगर परिषद की साधारण बोर्ड की बैठक नगर परिषद के मुख्य पार्षद सुजीत कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं एवं प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया और कुछ अहम निर्णय भी लिए गए।
प्रमुख निर्णय इस प्रकार रहे:
हाउसहोल्ड डस्टबिन की व्यवस्था: नगर के प्रत्येक घर के लिए हाउसहोल्ड डस्टबिन खरीदने की स्वीकृति दी गई, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
CCTV कैमरा इंस्टॉलेशन: मुख्य सचिव एवं प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देश पर नगर के प्रमुख स्थलों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए दो कंट्रोल रूम, एक खगौल थाना में और दूसरा नगर परिषद कार्यालय में स्थापित किया जाएगा।
खगौल नगर परिषद की बैठक में महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पंचम वेतनमान के अंतर्गत आने वाले पेंशनभोगियों को अब 455% के स्थान पर 466% महंगाई भत्ता मिलेगा, जबकि षष्ठम् वेतनमान के पेंशनभोगियों को 246% के स्थान पर 252% DA प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, “आपका शहर, आपकी बात” कार्यक्रम के तहत चयनित योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने पर विचार किया गया। साथ ही, वर्ष 2017 से 2022 तक के सभी वार्ड पार्षदों के लिए भ्रमण भत्ता प्रदान करने की मांग भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गई। इस बैठक में नगर परिषद के पार्षदों के साथ-साथ विभागीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।